एक महिला का अधजला शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। महिला का शव क्षत-विक्षत अवस्था में झाड़ियों में पड़ा मिला, उसके पैर साड़ी से बंधे हुए थे।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र की है।जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर कुछ ग्रामीण रतनपुर के पास खूंटाघाट बांध पर लकड़ी काटने गए थे।
उन्हें झाड़ियों से तेज गंध आई। पास जाने पर उन्हें साड़ी में लिपटा एक महिला का अधजला हुआ शव मिला। शव देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। उन्होंने पुलिस को तुरंत सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। लाश क़रीब एक सप्ताह से अधिक पुरानी बताई जा रही है।पुलिस को महिला के केवल 10 प्रतिशत अंग ही मिले। बाकी 90 प्रतिशत शव डिस्पोज हो चुका था। हत्या की आशंका के चलते पुलिस ने फोरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मृतका की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस शव की पहचान के लिए आस-पास के थाना क्षेत्रों में गुमशुदा महिलाओं से संबंधित शिकायतों की जांच कर रही है।पुलिस टीम खूंटाघाट आने-जाने वाले लोगों और संदिग्धों से भी पूछताछ कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के असली कारणों का पता चलेगा।
फिलहाल, पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शव डिस्पोज होने के कारण आस-पास के लोग भी महिला की पहचान नहीं कर पा रहे हैं, जो पुलिस के लिए चुनौति बनी हुई है।








