Buy Advt. Space

बलरामपुर में गणेश विसर्जन के दौरान डांस करते-करते किशोर की मौत

By


बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में गणेश विसर्जन के मौके पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। 15 वर्षीय प्रवीण गुप्ता डीजे की धुन पर डांस करते-करते अचानक बेहोश हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आशंका जताई जा रही है कि डीजे की तेज आवाज और उत्तेजना के बीच उसे हार्ट अटैक आया।

नाचते-नाचते गिरे, फिर नहीं उठे

शनिवार शाम गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन का जुलूस निकाला जा रहा था। उसी दौरान प्रवीण डीजे पर झूमते हुए अचानक जमीन पर गिर पड़ा। साथी युवक और परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

अस्पताल प्रबंधन पर हंगामा

मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि अस्पताल में डॉक्टर मौजूद नहीं थे और स्टाफ ने भी दुर्व्यवहार किया। इसको लेकर देर रात तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

पुलिस जांच में जुटी

मामले की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

Leave a Comment