दुर्ग।जिला दुर्ग पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने शनिवार को बड़ा प्रशासनिक आदेश जारी किया। आदेश के तहत जिले के विभिन्न थानों और चौकियों में पदस्थ कुल 197 पुलिसकर्मियों का तबादला किया गया है। यह तबादला प्रशासनिक कारणों से किया गया है और तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
जारी सूची में आरक्षक, प्रधान आरक्षक और महिला आरक्षक सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल हैं। पुलिसकर्मियों को उनके नए पदस्थापना स्थल पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
पदस्थापना आदेश में थाना दुर्ग, भिलाई नगर, पदमनाभपुर, मोहन नगर, पुलगांव, स्मृति नगर, नेवई, उतई, अमलेश्वर, जामुल, अंडा, पाटन, खुर्सपार, चरोदा समेत जिले के अधिकांश थाने और चौकियां शामिल हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, दुर्ग ने आदेश पर हस्ताक्षर करते हुए स्पष्ट किया है कि यह प्रशासनिक कदम पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इतने बड़े पैमाने पर हुआ यह तबादला दुर्ग पुलिस बल की कार्यप्रणाली और जिम्मेदारियों को और बेहतर ढंग से संचालित करने में अहम साबित होगा।
















