दुर्ग। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय (दुर्ग विश्वविद्यालय) की वेबसाइट सोमवार को फिर से हैक हो गई। इस बार पाकिस्तानी हैकर्स ने साइट को निशाना बनाते हुए पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक शब्द लिखे और “पाकिस्तान जिंदाबाद” के पोस्टर अपलोड कर दिए। यह घटना सामने आते ही छात्रों में आक्रोश फैल गया और विश्वविद्यालय की साइबर सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।
लगातार तीसरी बार हैकिंग

विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर 3 महीने में तीसरी बार हैकिंग हुई है।
पहली बार: 7 जुलाई 2025
दूसरी बार: 7 सितंबर 2025
तीसरी बार: 8 सितंबर 2025
हर बार की तरह इस बार भी प्रबंधन और वेबसाइट देखने वाली निजी एजेंसी को भनक तक नहीं लगी। छात्रों ने जब साइट खोली तब जाकर खुलासा हुआ।
छात्रों का गुस्सा – पढ़ाई ही नहीं, सुरक्षा का भी सवाल
दुर्ग विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर ही परीक्षा परिणाम, प्रवेश और अन्य शैक्षणिक कार्य होते हैं। बार-बार हैकिंग से छात्र परेशान हैं। उनका कहना है कि यह सिर्फ पढ़ाई से जुड़ा मुद्दा नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा से भी जुड़ा सवाल है। सोमवार शाम तक वेबसाइट हैकर्स के कब्जे में रही, बाद में इसे बहाल किया गया। इस दौरान छात्रों के बीच हैक हुई साइट के स्क्रीनशॉट वायरल हो गए।
निजी एजेंसी पर उठे सवाल
विश्वविद्यालय की वेबसाइट को एक निजी एजेंसी संभालती है। लेकिन लगातार तीसरी बार हैकिंग ने उसकी लापरवाही को उजागर कर दिया है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर बार-बार वेबसाइट हैक हो रही है तो इसका मतलब है कि सर्वर सिक्योरिटी और बैकअप सिस्टम बेहद कमजोर हैं। तत्काल सिस्टम को अपग्रेड और सुरक्षित करने की जरूरत है।
विश्वविद्यालय प्रशासन का दावा – अब सख्ती होगी
विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा है कि इस बार वेबसाइट को सुरक्षित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। हालांकि, छात्रों का कहना है कि जब तक जिम्मेदारी किसी सक्षम सरकारी एजेंसी (जैसे एनआईसी) को नहीं सौंपी जाएगी, तब तक इस तरह की घटनाएं दोहराई जाती रहेंगी।








