Buy Advt. Space

डॉक्टरों का कमाल: बुजुर्ग के गले से निकाली गई 6 सेविंग ब्लेड, बचाई जान

By



रायपुर/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) के डॉक्टरों ने एक अभूतपूर्व सर्जरी कर 74 वर्षीय बुजुर्ग की जान बचा ली। बुजुर्ग ने गलती से 6 सेविंग ब्लेड निगल ली थीं, जिन्हें डॉक्टरों ने करीब एक घंटे की सर्जरी के बाद गले से सुरक्षित निकाल दिया।

रविवार सुबह उसलापुर निवासी बुजुर्ग केपी मिश्रा को गंभीर हालत में परिजन सिम्स लेकर पहुंचे। जांच में पता चला कि उनके गले में ब्लेड फंसी हुई हैं। सूचना मिलते ही सिम्स डीन प्रो. रमणेश मूर्ति ने अवकाश का दिन होने के बावजूद ईएनटी और एनेस्थीसिया विभाग की टीम को इमरजेंसी ऑपरेशन थिएटर में बुलाया।

चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन

ईएनटी विभाग प्रमुख डॉ. आरती पांडे, डॉ. विद्या भूषण साहू और एनेस्थीसिया विभाग प्रमुख डॉ. मधुमिता मूर्ति व डॉ. शीतल दास की टीम ने सटीक समन्वय से यह ऑपरेशन किया। करीब 60 मिनट की सर्जरी में डॉक्टरों ने सावधानीपूर्वक सभी ब्लेड निकाल दिए। राहत की बात यह है कि मरीज के स्वर तंत्र, आहार नली व अन्य अंगों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

समय पर इलाज से बची जान

विशेषज्ञों का कहना है कि यदि ऑपरेशन में देरी होती तो मरीज की मौत भी हो सकती थी। ब्लेड गले की आहार नली या श्वसन नली को काट सकती थीं, जिससे आंतरिक रक्तस्राव, दम घुटना और संक्रमण का खतरा था।

सिम्स के लिए गौरव की बात

डीन डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा – “यह ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण था, लेकिन हमारी टीम ने सूझबूझ और तालमेल से मरीज की जान बचाई। यह सिम्स के लिए गर्व की उपलब्धि है।”

फिलहाल मरीज को आईसीयू में ऑब्जर्वेशन पर रखा गया है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

Leave a Comment