कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट
कोंडागांव ! कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा की बैठक के बाद जनदर्शन में विभिन्न समस्याओं और मांग को लेकर पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनी। इस दौरान उन्होंने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं से अवगत हुए और संबंधित अधिकारियों को उनके निराकरण हेतु निर्देशित किया।
जनदर्शन में आदर्श कन्या छात्रावास कोण्डागांव की छात्राओं ने अधीक्षिका की मांग एवं अन्य समस्याओं को लेकर कलेक्टर के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने मांग एवं समस्याएं ध्यान से सुनी और अधीक्षिका की व्यवस्था सहित सुरक्षा के लिए भी आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इसी प्रकार आवास, मोबाइल नेटवर्क की समस्या, विभिन्न राजस्व प्रकरणों, आंगनबाड़ी भवन एवं सड़क की मांग सहित विभिन्न मांगों को लेकर कई आवेदन प्राप्त हुए।








