Buy Advt. Space

छात्राओं से शोषण मामला: प्रधान पाठक-शिक्षिका निलंबित

By



बलौदाबाजार !  छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के सिमगा विकासखंड के शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय कामता में छात्राओं के शारीरिक शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। इस मामले में स्कूल के प्रभारी प्रधान पाठक देवलाल साहू और घटना की जानकारी छिपाने वाली शिक्षिका हेमा देवांगन को निलंबित कर दिया गया है। वहीं प्रधान पाठक के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है।

क्या है मामला?
जिला शिक्षा अधिकारी के प्रतिवेदन के अनुसार, 19 सितंबर को प्रधान पाठक देवलाल साहू ने कक्षा 8वीं की छात्रा को प्रमाणपत्र बनवाने के बहाने बुलाकर शारीरिक शोषण किया। इससे पहले, 30 अगस्त को भी उन्होंने एक अन्य छात्रा के साथ इसी तरह की घटना को अंजाम दिया था।

शिकायत पर बवाल
ताजा घटना की शिकायत के बाद गांव और स्कूल में आक्रोश फैल गया। छात्रा के परिजनों ने थाने में एफआईआर दर्ज कराई। जांच में सामने आया कि 30 अगस्त की घटना की जानकारी शिक्षिका हेमा देवांगन को थी, लेकिन उन्होंने इसे अधिकारियों तक नहीं पहुंचाया।

कड़ी कार्रवाई
संभागीय संयुक्त संचालक शिक्षा संजीव श्रीवास्तव ने दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया है।

यह घटना शिक्षा व्यवस्था और छात्राओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

Leave a Comment