सुसाइड नोट में लिखा – प्यार करने वाली ने ही रेप केस में फंसाया
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से आत्महत्या का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड से धोखा मिलने के बाद सुसाइड नोट लिखकर ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। युवक का शव उसलापुर रेलवे ट्रैक पर सिर और धड़ अलग-अलग हालत में मिला। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है।
गौरव ने लिखा सुसाइड नोट, प्रेमिका पर लगाए गंभीर आरोप
मृतक की पहचान गौरव सवन्नी (30 वर्ष), निवासी साकेत अपार्टमेंट, अग्रसेन चौक के रूप में हुई है। गौरव हाल ही में जेल से छूटकर आया था। उसने सुसाइड नोट में लिखा – “जिससे प्यार किया, उसी ने मुझे रेप केस में फंसा दिया।”
ऑनलाइन साइट से हुई मुलाकात, फिर बिगड़े हालात
जानकारी के अनुसार नोएडा में रहने के दौरान गौरव की मुलाकात एक युवती से शादी डॉट कॉम जैसी साइट के जरिए हुई थी। दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग चला, लेकिन बाद में युवती ने गौरव पर रेप का आरोप लगाते हुए केस दर्ज करा दिया। इस मामले में नोएडा पुलिस ने उसे जेल भेज दिया था। लगभग 15 दिन पहले ही वह जमानत पर बाहर आया था।
डिप्रेशन में गया युवक, नहीं संभाल पाए परिजन
जेल से आने के बाद से ही गौरव गहरे तनाव में था। परिवार उसे समझाने की कोशिश कर रहा था, मगर वह धोखे और केस की वजह से मानसिक दबाव से नहीं निकल पाया। शनिवार शाम को काले कपड़ों में घर से निकला, देर रात तक वापस न लौटने पर परिजन चिंतित हुए। रात करीब 12 बजे रेलवे ट्रैक पर उसकी लाश मिली।
पुलिस जांच में जुटी
सुसाइड नोट मिलने के बाद परिवार और रिश्तेदारों ने जानकारी साझा की और पुलिस को सूचना दी। फिलहाल सिविल लाइन पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
गर्लफ्रेंड से मिला धोखा, युवक ने ट्रेन के सामने कूदकर दी जान…








