Buy Advt. Space

कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक प्रधानमंत्री आवास योजना के लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण कराने के निर्देष

By

कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट

कोण्डागांव ! कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में शासन की महती योजनाओं के क्रियान्वयन और टीएल में लंबित प्रकरणों के निराकरण की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। साथ ही धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष योजनाओं में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की विस्तृत समीक्षा की।कलेक्टर ने बैठक में शासन की महात्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत कार्यों के साप्ताहिक प्रगति की समीक्षा की और सभी जनपद सीईओ को निर्देशित किया कि लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराने पर जोर दिया।

उन्होंने इसके लिए अधिक से अधिक फील्ड विजिट करने और हितग्राहियों को आवास निर्माण में प्रगति हेतु प्रोत्साहित करने एवं निर्माण कार्य में आ रही दिक्कतों को दूर करने को कहा। कलेक्टर ने सहकार से समृद्धि अभियान के तहत जिले में अब तक दुग्ध, मत्स्य, वनोपज एवं कृषि सहकारी समिति के गठन की जानकारी प्राप्त की और कहा कि समिति गठन के साथ-साथ ग्रामीणों को सहकारी समिति से मिलने वाले लाभ के बारे में बताएं। कलेक्टर ने आपदा प्रबंधन के लिए जिले में उपलब्ध मशीनरी और मानव संसाधनों की उपलब्धता की जानकारी ली और केशकाल क्षेत्र के लिए भी अग्निशमन वाहन की व्यवस्था के लिए निर्देशित किया।

उन्होंने जिले में चिकित्सकीय आवश्यकता वाले नवजात शिशुओं के समुचित इलाज हेतु एनआईसीयू में सभी आवश्यक चिकित्सा उपकरण सहित सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखने को कहा। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देशित किया कि इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री वाय अक्षय कुमार, जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई, अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चार्ली ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Comment