Buy Advt. Space

कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक युक्ति युक्तकरण की प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने दिए निर्देश मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना की होगी शुरूआत

By

कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट

कोण्डागांव !  कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में सुशासन तिहार में प्राप्त आवेदनों का गहन समीक्षा कर गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश सभी अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि लंबित आवेदनों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।कलेक्टर ने बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृत कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जाहिर करते हुए सभी जनपद सीईओ को कार्य में प्रगति लाने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने राज्य शासन द्वारा लागू रजिस्ट्री के 10 नए व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी आम नागरिकों को अवगत कराने कार्यालयों में प्रदर्शित करने के निर्देश सभी तहसीलदारों को दिए। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी एवं एसडीएम को स्कूलों एवं शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण का कार्य पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने को कहा। तीन नए कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जेल परिसर और अस्तपालों में वीसी की सुविधा उपलब्ध कराने के संबंध में भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने माओवाद प्रभावित परिवारों एवं आत्मसमर्पितों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का शतप्रतिशत लाभ पहुंचाने सभी विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के बारे में जानकारी देते हुए इसके क्रियान्वयन के लिए जिला परिवहन अधिकारी को निर्देशित किया। राज्य के सुदूर अनुसूचित एवं संवेदनशील क्षेत्रों में आमजनों तक शासकीय सुविधाओं को पहुंचाने और मुख्यधारा से जोड़ने हेतु इस योजना के माध्यम से गांव से ब्लॉक मुख्यालयों, ब्लॉक मुख्यालयों से जिला मुख्यालयों में परिवहन की सुविधा आम नागरिकों को मिल सकेगी। इससे आम ग्रामीणजनों को शासकीय कार्यों, आपातकालीन चिकित्सा, छात्र-छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए निकटतम ग्राम, जनपद मुख्यालय, नगरीय क्षेत्र, तहसील मुख्यालय एवं जिला मुख्यालय में समयानुरूप, नियमित एवं सुगम परिवहन सुविधा मिल सकेगी। बैठक में इसके अलावा उन्होंने जाति प्रमाण पत्र, जल जीवन मिशन, राशन कार्ड, आवास, सड़क निर्माण की प्रगति की समीक्षा सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

जनदर्शन में आम नागरिकों की समस्याओं से हुए रूबरू
कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने समय सीमा की बैठक के पश्चात जनदर्शन में जिले के आम नागरिकों विभिन्न समस्याओं और मांगों से रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं के निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए ग्रामीणों ने आवास की मांग, स्वरोजगार के लिए ऋण की मांग सहित विभिन्न मांगों और समस्याओं को लेकर कई आवेदन प्राप्त हुए। इस अवसर पर डीएफओ श्रीमती दिव्या गौतम व श्री चूड़ामणि सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई, एडीएम श्री चित्रकांत चार्ली ठाकुर सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Comment