रायपुर। राजधानी रायपुर में रविवार को अवैध संबंध के शक के चलते एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया। विधानसभा थाना क्षेत्र के ग्राम पचेड़ा में भाजपा समर्थित उपसरपंच हेमलाल मिर्चे की उनके ही परिचित ने टंगिया से बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी पवन कुमार मिर्चे को शक था कि उसकी पत्नी और हेमलाल मिर्चे के बीच अवैध संबंध हैं। इसी बात को लेकर गुस्से में आकर उसने हेमलाल पर टंगिया से हमला बोल दिया। हमले में सिर और गले पर गंभीर चोट आने से भाजपा नेता की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। वहीं, घटनास्थल से फरार आरोपी को भी पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
विधानसभा सीएसपी वीरेन्द्र चतुर्वेदी ने पुष्टि करते हुए बताया कि हत्या के पीछे अवैध संबंध का शक ही मुख्य कारण सामने आया है। आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की जांच की जा रही है।
यह घटना न केवल एक परिवार बल्कि पूरे गांव को स्तब्ध कर गई है। पुलिस मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है और सुरक्षा कारणों से गांव में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है।








