बालोद जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां शिकारीपारा वार्ड में रहने वाली 37 वर्षीय निकिता पटौदी ने शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात अपनी 10 वर्षीय बेटी वैभवी का गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर साड़ी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

जानकारी के अनुसार, निकिता के पति रविशंकर पटौदी, जो दल्लीराजहरा थाने में आरक्षक थे, की तीन साल पहले सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। इसके बाद से निकिता मानसिक तनाव में थी। घटना के समय उसने पहले अपने 13 वर्षीय बेटे रेवेंद्र का गला घोंटने की कोशिश की, लेकिन वह किसी तरह बचकर भाग गया।
सुबह पड़ोसियों ने महिला को फंदे से लटका देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस, फोरेंसिक टीम और तहसीलदार पहुंचे। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।








