राज्य के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में छत्तीसगढ़ी फिल्मों का किया गया प्रदर्शन
छत्तीसगढ़ी सभ्यता एवं संस्कृति का किया गया प्रचार-प्रसार
ब्यूरो नूतन साहू गरियाबंद / वर्ष 2000 में भारत का 26वां राज्य बनने के बाद छत्तीसगढ़ ने अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजकर विकास के लक्ष्यों को हासिल कर देश में एक विशिष्ट पहचान बनाई है। राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में छत्तीसगढ़ में रजत जयंती वर्ष 2025-26 का वृहद आयोजन शुरू हो गया है।
इसके तहत विभिन्न विभाग 15 अगस्त से राज्य की उपलब्धियों, संस्कृति, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना, कृषि, महिला सशक्तिकरण आदि क्षेत्रों से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी के तहत आज संस्कृति विभाग के सानिध्य में जनपद पंचायत गरियाबंद के ग्राम पंचायत मरौदा में छत्तीसगढ़ी फिल्म फेस्टिवल का आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम में लोगों को छत्तीसगढ़ के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राज्य निर्माण की महत्ता बताते हुए टीवी स्क्रीन में छत्तीसगढ़ी भाषा में बने फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। इसमें मोर छईयां भुंईहा, मोर संग चलव, झन भुलव मां बाप ला आदि फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। फिल्म फेस्टिवल में मरौदा सहित आसपास के ग्रामीणों ने भी आकर छत्तीसगढ़ी बोली एवं भाषा से संबंधित फिल्मों का अवलोकन किया। साथ ही छत्तीसगढ़ी सभ्यता एवं संस्कृति के संबंध में जागरूक हुए।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ रजत वर्ष का महाअभियान 31 मार्च 2026 तक चलेगा। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। रजत जयंती वर्ष आयोेजन अंतर्गत कार्यक्रमों में युवा, महिला, किसान सहित समस्त नागरिकों की सुनिश्चित की जायेगी। रजत जयंती वर्ष के आयोजन का उद्देश्य राज्य की उपलब्धियों को प्रदेश के कोने-कोने तक पहुंचाना है। साथ ही वर्ष 2050 के भावी छत्तीसगढ़ के निर्माण में योगदान के लिए प्रेरित करना है।
रजत जयंती वर्ष में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के केन्द्र बिन्दु गरीब कल्याण, युवा सशक्तिकरण, अन्नदाता एवं नारी सशक्तिकरण होंगे। प्रत्येक विभाग 25 वर्षाे की यात्रा को प्रदर्शित करते हुए एक विशेष सप्ताह का आयोजन करेंगे। यह आयोजन वार्ड, पंचायत, विकासखण्ड एवं जिला स्तरीय पर आयोजित किये जायेंगे।
कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों सहित योजनाओं के लाभार्थी, आम नागरिक, महिलाओं, स्कूल व कॉलेज के विद्यार्थियों किसानों, श्रमिकों, भूमिहीन मजदूरों एवं उद्यमियों को विशेष रूप से शामिल किया जायेगा।
रजत जयंती वर्ष के दौरान छत्तीसगढ़ी फिल्म फेस्टिवल, फूड उत्सव, शिल्प मेला, कलांजलि, लोकनृत्य महोत्सव, देशभक्ति गीत महोत्सव, पुस्तक वाचन दिवस, बाल पंचायत प्रदर्शनी, पोषण मेला, महतारी सम्मेलन, मेगा हेल्थ कैम्प, टीकाकरण अभियान, सेमीनार, जॉब फेयर, प्रवासी छत्तीसगढ़ सम्मेलन, फिट छत्तीसगढ़ चौलेंज, कवि सम्मेलन, युवा महोत्सव, पतंग उत्सव, विशेष ग्रामसभा, स्वच्छता सप्ताह, रंगोली, निबंध, भाषण प्रतियोगिता, हर्बल मेला, किसान मेला, हर घर तिरंगा अभियान, सुशासन सप्ताह, संविधान दिवस, सड़क सुरक्षा माह, रक्तदान शिविर, क्रियेटर मीट, साइन लैंगवेज डे, वरिष्ठ नागरिक सम्मान सम्मेलन, चावल उत्सव, गंगरेल उत्सव, महानदी उत्सव, इंद्रावती उत्सव, जनजातीय गौरव दिवस एवं शासकीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार जैसे विभिन्न आयोजन किये जायेंगे।








